चौथिया जा रही तेज रफ्तार पिकअप पलटी: एक की मौत, 17 घायल; 5 की हालत गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गई, जब चौथिया जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में वाहन में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना बालोद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार धमतरी जिले के भानपुरी निवासी टीकाराम यादव की बेटी की शादी डौंडी ब्लॉक के ग्राम ढोर्रीठेमा में हुई थी। शादी के बाद परिवार के लोग चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार शाम पिकअप वाहन से निकले थे। पिकअप में सवार घायल दीपक यादव के अनुसार 35 से अधिक लोग पिकअप में सवार थे। महिलाओं को पहले बस से रवाना किया गया था, जबकि कुछ लोग मेटाडोर से गए। शेष परिजनों के लिए अलग से पिकअप की व्यवस्था की गई थी।
मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटा वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक वाहन को तेज गति से चला रहा था। शाम करीब 6.30 बजे जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर झलमला-रानीमाई मार्ग पर तालगांव के आगे मोड़ पर पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सुरेश यादव (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इनमें कई लोगों के सिर फट गए थे और कई के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए। जो लोग सुरक्षित थे, वे राहगीरों की मदद से घायलों बाहर निकालने में जुट गए।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि चालक उमाशंकर निर्मलकर को ड्राइविंग का कम अनुभव था और वह करीब एक वर्ष पहले ही ड्राइवर बना था। पुलिस को संदेह है कि हादसे के समय वह नशे में था, जिसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। हालांकि चालक ने अपने बयान में बताया कि मोड़ पर एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
वाहन हाल ही में खरीदा गया था
चालक के जीजा चारामा निवासी भूपेश सिंह ने जनवरी माह में नई पिकअप वाहन खरीदकर उसे दी थी, जिसे वह चला रहा था। फिलहाल पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच में जुट गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











