सूटकेस हत्याकांड की गुत्थी सुलझीः वकील समेत चार आरोपी गिरफ्तार, दो दिन तक फ्लैट में रखी लाश, फिर सूटकेस में भरकर लगाया ठिकाने, जानिए हत्या के पीछे की पूरी वजह…

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर के डीडी नगर इलाके के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में वंडरलैंड वाटर पार्क के पास सुनसान इलाके में एक बड़ा बक्सा संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। जिसके अंदर एक सूटकेस था। पुलिस ने सूटकेस खोलकर अंदर देखा तो एक युवक की लाश मिली। जो बुरी तरह मुड़ी हुई थी। उसके पैर बंधे हुए थे और उस पर सीमेंट की परत लगी हुई थी।

पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। मृतक की पहचान किशोर पैकरा (58 वर्ष) निवासी हांडीपारा, एचएमटी चौक रायपुर के रूप में हुई। इस मामले में पुलिस ने वकील अंकित उपाध्याय और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह पैसों को लेकर विवाद और निजी स्वार्थ के लिए धोखाधड़ी बताई जा रही है।

आरोपी दंपती ने किशोर की हत्या इंद्रप्रस्थ के फ्लैट में 21 जून को की थी। फिर 48 घंटे तक लाश फ्लैट में ही रखी रही। इस दौरान लाश को ठिकाने लगाने के लिए वे मौका खोजते रहे। जब लाश सड़ने लगी तो हड़बड़ी में उसका शव ट्रॉली बैग में भरकर टिन की पेटी में सीमेंट डालकर फेंक दिया गया।

इसलिए कर दी हत्या

आरोपी अंकित उपाध्याय पेशे से वकील है और मृतक किशोर पैकरा उसका मुवक्किल था। किशोर पैकरा की जमीन 30 लाख रुपये में बिकी थी, जिसमें वकील अंकित को 2 लाख रुपये कमीशन मिला था। इसके अलावा मृतक ने अपनी विवादित संपत्तियों और अन्य मामलों के निपटारे के लिए वकील को 10 लाख रुपये दिए थे। आरोपी ने यह रकम अपने निजी इस्तेमाल में खर्च कर दी। जब मृतक किशोर लगातार पैसे वापस मांगने लगा तो आरोपी परेशान हो गया और उसने अपनी पत्नी शिवानी शर्मा के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।

पहले गला दबाया फिर चाकू से काटा गला

21 जून 2025 की सुबह आरोपी अंकित उपाध्याय मृतक किशोर को किसी बहाने से अपने किराए के कमरे (इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, डी ब्लॉक) पर ले गया। वहां उसकी पत्नी शिवानी शर्मा भी मौजूद थी। आरोपी ने पहले किशोर को पोहा और चना खिलाया, नाश्ता करने के बाद किशोर सो गया। इस दौरान अंकित ने किशोर का गला दबाया और फिर उसे मरोड़ दिया। इस दौरान शिवानी मृतक का पैर पकड़े हुए थी। किशोर की मौत हो गई। इसके बाद अंकित ने उसके गले पर भी चाकू से वार किया।

हत्या के बाद शव को सूटकेस में डालकर ठिकाने लगाने की योजना थी, लेकिन खून ज्यादा फैलने से सूटकेस गंदा हो गया। इसे फ्लैट से नीचे उतारना मुश्किल था। फिर दोनों पति-पत्नी शव को फ्लैट में छोड़कर अगले दिन पेटी खरीदने चले गए। जब ​​वे वापस लौटे तो तेज बदबू आने लगी। इसके बाद उन्होंने शव को बांधकर सूटकेस में डाला और उसमें सीमेंट भर दिया। ताकि बदबू बंद हो जाए। फिर भारी सीमेंट से भरा सूटकेस बक्से में डाल दिया। इससे बक्सा भी काफी भारी हो गया।

अंकित ने दो परिचित विनय यादव और सूर्यकांत यादव से संपर्क किया। उसने उन्हें हत्या के बारे में बताया और भरोसा दिलाया कि उन्हें कुछ नहीं होगा। फिर दोनों लड़कों की मदद से बक्से को लिफ्ट से नीचे उतारा, कार में रखा और 23 जून की सुबह रायपुरा इलाके में फेंक दिया।

हत्या के बाद दिल्ली फरार

हत्या के बाद दोनों आरोपी भागकर दिल्ली भाग गए। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने दोनों को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी दंपत्ति की मदद करने वाले दो अन्य आरोपी विनय यादव और सूर्यकांत यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ डीडी नगर थाने में धारा 103 (1), 238 क, 61 (2), 3 (5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त ऑल्टो कार, दो दोपहिया वाहन, पांच मोबाइल फोन, ट्रॉली बैग, टिन का डिब्बा, चाकू और खून से सना तौलिया समेत अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/EmIwdJKezHHKmsjiabrwtK

यह खबर भी जरुर पढ़े

सूटकेस के अंदर मिली युवक की लाश, पैर को बांधकर सीमेंट से भर दिया सूटकेस, इलाके में दहशत का माहौल,VIDEO

Related Articles

Back to top button
Parineeti Raghav Wedding : परिणीति राघव हुए एक-दूजे के , सामने आई ये शानदार फ़ोटोज janhvi kapoor :जान्हवी कपूर की ये लुक , नजरे नहीं हटेंगी आपकी Tamanna bhatia : तमन्ना भाटिया ने फिल्म इंडस्ट्री में पूरे किए 18 साल