ट्रेलर-स्कॉर्पियो भिड़ंत: 4 की मौके पर मौत, 1 गंभीर; सालगिरह समारोह से लौट रहे थे सभी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई है। घटना रायपुर-रतनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। घटना बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र का है।

रॉन्ग साइड में घुसी ट्रेलर

जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक सीजी 11 बीडी 9044 रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। मध्यरात्रि करीब 2 बजे चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर रॉन्ग साइड में पहुंच गया। इस बीच सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 04 एमक्यू 4220 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी चपेट में लेते हुए पलट गया।

हादसे के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग वाहन के भीतर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस, डायल-112 और राहत टीम मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों और घायल को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान चार लोगों की सांसें थम चुकी थीं।

सालगिरह समारोह से लौट रहे थे सभी

मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे (37) निवासी कुवागांव थाना तखतपुर, विशाल लहरें (25) व अनमोल लहरें (14) निवासी बिरगहनी थाना जरहागांव जिला मुंगेली, तथा सोनू मिरी (28) निवासी कोटा के रूप में हुई है। प्रकाश रात्रे निवासी कुवागांव गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग यादव ढाबा में आयोजित एक पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। चार लोगों की एक साथ मौत से गांवों में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

VIDEO

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu

यह खबर भी जरुर पढ़े

ड्यूटी पर जा रहे दो पुलिस आरक्षकों की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचला, आरोपी चालक गिरफ्तार, घटना का लाइव वीडियो आया सामने

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button