छुरा ब्रेकिंग: ट्रैक्टर के इंजन से सड़क पर गिरा युवक, इलाज के दौरान मौत; परिजनों ने चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा :– ट्रैक्टर से सफर कर रहे 35 वर्षीय युवक का अचानक संतुलन बिगड़ा और वह चलते ट्रैक्टर के इंजन से सड़क पर जा गिरा। हादसे में युवक के सिर, सीने, हाथ, कमर और पेट समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना छुरा थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुताबिक 9 सितंबर को ग्राम कोसमी निवासी दुजकुमार जगत, पिता किसनूराम, अपने साथी कुशल यादव के साथ पुनीतराम निषाद के ट्रैक्टर क्रमांक CG 23 M 8514 से भैंसामुड़ा से वापस लौट रहा था। ट्रैक्टर पुनीतराम निषाद चला रहा था। इस दौरान दुजकुमार इंजन के दाहिनी ओर और कुशल यादव बाईं ओर बैठा था।
बताया गया कि ट्रैक्टर भैंसामुड़ा से आगे शीतला मंदिर के पास सारागांव रोड पर पहुंचा था। इसी दौरान इंजन के दाहिनी ओर बैठे दुजकुमार का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर के इंजन से नीचे सड़क पर जा गिरा। सड़क पर गिरने से उसके सिर, सीने, दोनों हाथ, कमर, पेट सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल दुजकुमार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा ले जाया गया। मृतक के पिता किसनूराम जगत के अनुसार अस्पताल पहुंचने के दौरान उनका बेटा स्ट्रेचर पर था और शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान थे। वह किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। चिकित्सक से जांच कराने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप
पुलिस में दिए गए बयान में मृतक के पिता किसनूराम जगत ने आरोप लगाया है कि ट्रैक्टर चालक पुनीतराम निषाद वाहन को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। इसी वजह से दुजकुमार का संतुलन बिगड़ा और वह ट्रैक्टर के इंजन से सड़क पर जा गिरा और हादसे में गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मर्ग सूचना दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग इंटिमेशन दर्ज कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है। जांच के बाद घटना के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
मुक्तिधाम का ताला तोड़कर केबल वायर की चोरी, आरोपी गिरफ्तार, छुरा पुलिस ने बरामद किया चोरी का सामान











