रात के अंधेरे में शटर काटकर चोरी की कोशिश, ग्रामीणों की सतर्कता से आदतन आरोपी पकड़ा गया
टेनगनाबासा में मोटर वाइंडिंग दुकान को निशाना बनाने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने घेरकर पुलिस के हवाले किया

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा :– छुरा इलाके के टेंगनाबासा गांव में गुरुवार देर रात चोरी की एक कोशिश को ग्रामीणों की सजगता ने नाकाम कर दिया। ग्राम खैरझिटी निवासी एक युवक सड़क किनारे स्थित मोटर वाइंडिंग की दुकान का शटर काटकर चोरी करने की कोशिश कर रहा था, जिसे ग्रामीणों ने रंगे हाथों दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रह चुका है। मामला गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र का है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात रास्ते से गुजर रहे पड़ोसी गांव के कुछ लोगों की नजर युवक की संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत स्थिति को भांपते हुए दुकान मालिक को सूचना दी और मौके पर नजर बनाए रखी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक वहां पहुंचा, जिसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पहले भी हो चुकी चोरी की घटना
बताया जा रहा है कि उक्त दुकान में पहले भी चोरी हो चुकी है। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर वहां सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था। खास बात यह रही कि आरोपी को पकड़ने में जिस व्यक्ति की अहम भूमिका रही, उसके यहां भी पिछले वर्ष चोरी की घटना हो चुकी थी। इस बार उसने अपनी सूझबूझ और सक्रियता का परिचय देते हुए अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर आरोपी को पकड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जांच में जुटी पुलिस
बहरहाल छुरा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि गर्मी के दिनों में ग्रामीण इलाकों में चोरी की घटनाएं बढ़ने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में टेंगनाबासा की यह घटना ग्रामीणों की एकजुटता का संदेश दिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX
यह खबर भी जरुर पढ़े
फिंगेश्वर क्षेत्र में एक ही रात तीन घरों में लाखों की चोरी, ताबड़तोड़ चोरी से लोगों में दहशत











