12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर गरियाबंद में हुआ सामूहिक योगाभ्यास

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) गरियाबंद :– आयुष विभाग के तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन जिले में उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। जिला मुख्यालय स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर, कलेक्टर बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उप निर्देशक वरुण जैन, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी,मीडियाकर्मी गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षक श्री गणेश एवं सहयोगी योग शिक्षकों ने कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।
योगाभ्यास करने का संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा एवं अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरे विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक मान्यता मिली और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित एवं जागरूक नागरिक ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सांसद श्रीमती चौधरी ने सभी नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प भी दिलाया।
कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने जिलेवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) है, जो योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवन दृष्टि विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











