CMO लिखी कार ने बाइक सवार को रौंदा, दो महिलाओं की मौत, युवक गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– CMO लिखी एक कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना जरहागांव थाना क्षेत्र का है।
कई फीट दूर जा गिरे तीनों
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे स्कोडा कार क्रमांक सीजी 15 डीएन 3866 पथरिया से तखतपुर की ओर जा रही थी। मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास कार ने सामने से आ रही बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। बाइक पर भुनेश्वर साहू (26 वर्ष), किरण बांसोड़ (36 वर्ष) और हेमलता साहू (39 वर्ष) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर कई फीट दूर जा गिरे।
एक की मौके पर मौत, दूसरी ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में हेमलता साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल किरण बांसोड़ और भुनेश्वर साहू को पहले पथरिया अस्पताल और बाद में सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान किरण बांसोड़ ने भी दम तोड़ दिया। वहीं भुनेश्वर साहू की हालत गंभीर बनी हुई है।
नंबर प्लेट पर लिखा CMO
हादसे के दौरान कार के अगले हिस्से से CMO लिखी नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर गिर गई। जरहागांव पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी में कार तखतपुर के CMO अमरेश सिंह के नाम से जुड़ी बताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि वाहन कौन चला रहा था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।
आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस भीषण हादसे ने ग्राम मझगांव के दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। दो महिलाओं की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम-अभनपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की जोरदार टक्कर, कार के उड़े परखच्चे











