प्रेमिका की हत्या कर फांसी पर लटका प्रेमी, सोशल मीडियो में लिखा – मुझे चिट कर रही थी, आज मेरी मौत होगी।

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में युवक और युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि युवती का शव फंदे से नीचे जमीन पर मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में युवती की हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना जशपुर जिले के कोल्हेनझरिया चौकी क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, टांगर गांव निवासी चूड़ामणि पैंकरा (24) का शव कोल्हेनझरिया क्षेत्र के माटी पहाड़ छर्रा गांव में फंदे से लटका मिला। फंदे से नीचे माटी पहाड़ छर्रा निवासी संडीला पैंकरा (24) का शव भी जमीन पर पड़ा मिला। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आत्महत्या करने से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया था कि उसकी प्रेमिका ने उसे धोखा दिया है।
जानिए पूरा मामला
माटी पहाड़ छर्रा निवासी संडीला पैंकरा 16 सितंबर की रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद घर से निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। परिजनों ने 17 सितंबर को सुबह थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच, 17 सितंबर को संडीला का शव गांव के गौशाला के पास एक पेड़ के नीचे मृत पाया गया और चूड़ामणि पैंकरा उसी पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
रिश्ते को लेकर विवाद चल रहा था
घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। कोल्हेनझरिया पुलिस चौकी और तुमला थाने की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जांच में पता चला कि मृतक चूड़ामणि के रिश्तेदार माटी पहाड़ छर्रा में रहते थे, और वह अक्सर वहां आता-जाता रहता था। इसी दौरान उसके संडीला से प्रेम संबंध बन गए। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से उनके रिश्ते को लेकर विवाद चल रहा था।
सोशल मीडिया पर कई पोस्ट
बताया जा रहा है कि युवक ने घटना से पहले सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए थे। एक पोस्ट में युवक ने लिखा था, ‘‘संडीला मुझे चिट कर रही थी, इसलिए मुझे यह कदम उठाना पड़ा। मुझे माफ कर देना, अगर दूसरी ज़िंदगी है, तो मुझे नहीं चाहिए। इस दुनिया के लोग धोखेबाज़ हैं। मैं अब ऐसी ज़िंदगी नहीं जीना चाहता।’’ एक अन्य पोस्ट में उसने लिखा, ‘‘सब मेरी प्रेमिका को छीनना चाहते थे, आज मैंने हम दोनों को सबसे दूर कर दिया।’’ एक अन्य पोस्ट में उसने लिखा, आज मेरी मौत होगी।
हत्या और फिर फांसी लगाने का शक
आशंका है कि प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को मिलने के बहाने बुलाया होगा। फिर दोनों के बीच विवाद हुआ, इसी दौरान उसने उसकी हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगा ली। पुलिस का कहना है कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस दोनों परिवारों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BS4iWWfFiNDDwvO04RHCp3?mode=ems_wa_c
यह खबर भी जरुर पढ़े
एक ही फंदे में लटके मिले युवक-युवती का शव, इस बात की आशंका, जांच में जुटी पुलिस











