नवापारा के पवन धाम हनुमान मंदिर परिसर में कल होगी भगवान शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा, भक्तों से शामिल होने की अपील
हवन-पूजन और प्रसाद वितरण का होगा कार्यक्रम, हरियाली अमावस्या पर होगा महाभिषेक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा नगर में हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर पवन धाम वीर लंगूर समिति द्वारा 12 अगस्त को पवन धाम हनुमान मंदिर परिसर, सुभाष चौक में भगवान शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा का पुण्य आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन के दौरान सुबह से शाम तक विभिन्न वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। इसके बाद महाभिषेक, हवन-पूजन, आरती और पूर्णाहुति के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
समिति के रविशंकर साहू ने बताया कि सावन माह में शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा का विशेष धार्मिक महत्व है। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा के माध्यम से देवी-देवताओं की प्रतिमाओं में आध्यात्मिक ऊर्जा का आवाहन किया जाता है। सावन भगवान शिव को प्रिय माह माना जाता है और इस दौरान किए जाने वाले धार्मिक अनुष्ठानों एवं देव प्रतिष्ठान का विशेष पुण्य लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शिव परिवार की आराधना से पारिवारिक बाधाओं और शत्रु भय से मुक्ति के साथ आरोग्यता, अष्ट ऐश्वर्य एवं मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।
श्रद्धालुओं में उत्साह
इस पुण्य आयोजन में आचार्य पंडित पदुम शास्त्री के सानिध्य में विधि-विधान से पूजन एवं हवन कराया जाएगा। वार्ड क्रमांक 9 एवं 10 के समस्त मोहल्लेवासियों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।
समिति के नरेन्द्र साहू, कमलेश साहू, रजनीश, निरमन, छन्नू, गोलू, विजय, गिरधारी, आशीष, इंद्रजीत, विकास, मनोज, सौरभ एवं गिरीश सहित समिति के सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा में शामिल होने और धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है। समिति की ओर से सभी भक्तगणों को इस पुण्य आयोजन में सादर आमंत्रित किया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











