राजिम भक्तिन माता जयंती : प्रदेश साहू संघ का विशाल सामाजिक सम्मेलन एवं सामाजिक एकता का होगा शंखनाद, मुख्यमंत्री होंगे शामिल

राजिम भक्ति मंदिर समिति एवं नगर साहू संघ राजिम के द्वारा भव्य बाइक रैली आज

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम भक्तिन माता जयंती के पावन अवसर पर 7 जनवरी को छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ द्वारा राजिम में विशाल सामाजिक सम्मेलन एवं सामाजिक एकता के शंखनाद का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इस आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को राजिम रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ साहू संघ की उपाध्यक्ष साधना साहू, गरियाबंद जिला साहू समाज के अध्यक्ष प्रवीण साहू, राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू, डॉ. सुनील साहू, प्रदीप साहू, चंद्रवती साहू सहित समाज के वरिष्ठजनों की उपस्थिति में प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

डॉ. नीरेंद्र साहू ने कहा कि राजिम भक्तिन माता की जयंती प्रतिवर्ष 7 जनवरी को छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक समरसता के केंद्र राजिम धाम में श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई जाती है। यह हमारे लिए गौरव की बात है कि माता राजिम का असीम स्नेह साहू समाज को प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के 496 परिक्षेत्रों, 196 तहसीलों और 33 जिला मुख्यालयों से हजारों की संख्या में साहू समाज सहित अन्य समाजों के लोग इस आयोजन में शामिल होंगे।

राजिम – भगवान विष्णु की नगरी

डॉ. साहू ने कहा कि राजिम भगवान विष्णु की नगरी है और भगवान श्री राजीव लोचन की प्रतिमा स्वयं माता राजिम भक्तिन द्वारा स्थापित की गई थी। ऐतिहासिक मान्यता है कि राजिम का नामकरण भी हमारी अधिष्ठात्री देवी राजिम माता के नाम पर हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि माता ने भगवान श्री राजीव लोचन के चरणों में ही पूर्ण समाधि ली थी, तभी से मंदिर में शुद्ध तेल चढ़ाने की परंपरा आज भी जीवंत है।

सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण का संकल्प

प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष ने कहा कि संघ का उद्देश्य समाज के शैक्षणिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक स्तर को ऊंचा उठाना, चरित्रवान और राष्ट्रभक्त नागरिकों का निर्माण करना तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर कर समाज में समरसता स्थापित करना है। उन्होंने प्रदेश के समस्त स्वजातीय बंधुओं से 7 जनवरी को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सामाजिक एकता का संदेश देने की अपील की।

मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि, कई दिग्गज नेता होंगे मंच पर

अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू ने बताया कि इस सामाजिक सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हमारे मुख्य अतिथि होंगे, तथा पूर्व अध्यक्ष छ.ग. प्रदेश साहू संघ एवं छ.ग. शासन के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। प्रमुख अतिथि के रूप में तोखन साहू केन्द्रीय राज्य मंत्री ,चरणदास महंत नेता प्रतिपक्ष छ.ग. विधानसभा एवं हमारे समाज के अग्रदूत एवं जनसेवा के प्रतीक, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मंचस्थ होंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मोतीलाल साहू विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ एवं धनेन्द्र साहू पूर्व मंत्री छत्तीसगढ़ शासन होंगे। विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश के साहू समाज के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायकगण तथा प्रदेश शासन के हमारे समाज के पूर्व मंत्री तथा पूर्व विधायकगण मचस्थ होंगे।

हजारों लोगों के लिए भंडारे की व्यवस्था

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई है। उन्होंने समस्त स्वजातीय भाईयों एवं बहनों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में राजिम जयंती में उपस्थित होकर नि:स्वार्थ सामाजिक सेवा का संकल्प लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ की सामाजिक एकता का अभिनव उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।

व्यवस्थाओं का लिया जायजा

प्रेस कांफ्रेंस के पश्चात विधायक रोहित साहू, गरियाबंद कलेक्टर बी एस उईके, प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू, गरियाबंद जिला साहू समाज के अध्यक्ष प्रवीण साहू, राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू, डॉ. सुनील साहू सहित सामाजिकजन और अधिकारी कार्यक्रम स्थल पहुंचकर डोम, भंडारा, पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

आज निकलेगी बाइक रैली

राजिम भक्तिन माता जयंती समारोह के उपलक्ष में आज दिनांक 6.1.2026 को दोपहर 3:00 बजे राजिम भक्ति मंदिर समिति एवं नगर साहू संघ राजिम के द्वारा भव्य बाइक रैली निकल जाएगी। जिसमें सामाजिक जनों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होने अपील की गई है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS

यह खबर भी जरुर पढ़े

भक्त माता राजिम जयंती की तैयारियों को लेकर राजिम में बैठक, कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से हुई चर्चा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button