गरियाबंद में बिहान की महिलाओं ने सजाया आकांक्षा हाट, बीजों से तैयार हस्तनिर्मित राखियां बनी आकर्षण का केंद्र

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– आकांक्षीय विकासखंड गरियाबंद में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के निर्देशानुसार, नीति आयोग के आकांक्षीय ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत “आकांक्षा हाट” का आयोजन किया गया। इस पहल का प्रमुख उद्देश्य स्थानीय स्तर पर निर्मित हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाकृतियों एवं अन्य स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण क्षेत्र के उत्पादकों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए बेहतर मंच प्रदान करना है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन एवं सामूहिक उद्यमिता के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा स्थानीय संसाधनों एवं उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर विभिन्न उपयोगी एवं आकर्षक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। आकांक्षा हाट में बिहान से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियां तथा बीजों से निर्मित पर्यावरण-अनुकूल राखियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
बीजों से तैयार की राखियाँ

इन पर्यावरण-अनुकूल राखियों को मुंगा, धान, मटर एवं झुरगा के बीजों से तैयार किया गया है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध बीजों का रचनात्मक उपयोग कर बनाई गई ये राखियां न केवल आकर्षक हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्थानीय संसाधनों के सदुपयोग का भी संदेश देती हैं। राखियों की यह अनूठी पहल महिलाओं की रचनात्मकता, कौशल एवं नवाचार को दर्शाती है।
आकांक्षा हाट जैसे मंच इन उत्पादों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने तथा महिलाओं को उनके उत्पादों का उचित मूल्य एवं व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह पहल स्थानीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण उद्यमिता एवं आत्मनिर्भर आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास है।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, जिला परियोजना प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत गरियाबंद तथा जनपद स्तर की बिहान टीम का महत्वपूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। सभी के समन्वित प्रयासों से महिला स्व-सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए प्रभावी मंच प्राप्त हुआ और आकांक्षा हाट का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सका।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
रक्षाबंधन पर राखी भेजने के लिए डाक विभाग की खास छूट, स्पीड पोस्ट पर 10% कम लगेगा शुल्क











