पति के बाहर जाते ही घर में घुसा युवक, कमरे में बंद कर महिला से दो बार दुष्कर्म, किसी को बताने पर परिणाम भुगताने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिचित युवक ने घर में घुसकर महिला से जबरदस्ती दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता (27 वर्ष) ने 21 मई 2026 को धरमजयगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि आरोपी दिनेश कौशिक (32 वर्ष) निवासी ग्राम बोरो उसके और उसके पति का परिचित था। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। पीड़िता के मुताबिक, 6 मई की दोपहर आरोपी उसके घर पहुंचा। उस समय महिला आंगन में नहा रही थी। आरोपी ने उसके पति के बारे में पूछा, जिस पर महिला ने बताया कि वह घर पर नहीं है। इसके बाद महिला अपने कमरे में चली गई।
आरोप है कि आरोपी पीछे-पीछे कमरे में पहुंचा, दरवाजा बंद किया और जबरदस्ती दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। डर और लोकलाज के कारण उसने शुरुआत में किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। पीड़िता ने बताया कि अगले दिन 7 मई को आरोपी ने फिर धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में 14 मई को महिला ने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामला थाने पहुंचा।

शिकायत के आधार पर धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1) के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











