नवापारा ब्रेकिंग: नाबालिग मजदूर की मौत, काम के दौरान बिगड़ी तबीयत, ठेकेदार पर लगे लापरवाही के आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है जहाँ तटबंध निर्माण में काम कर रहे एक 16 वर्षीय नाबालिग मजदूर की मौत हो गई। इस घटना से महानदी किनारे चल रहे करोड़ों रुपये के तटबंध निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल भी खुल गई है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है और ठेकेदार सहित संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोलियारी-पारागांव के बीच महानदी किनारे करोड़ों रुपये की लागत से तटबंध निर्माण कार्य जारी है। इसी निर्माण स्थल पर कार्य के दौरान एक 16 वर्षीय मजदूर युवक हर्ष साहू की मौत हो गई। मृतक ग्राम खुरसेंगा थाना कुरूद जिला धमतरी का निवासी बताया जा रहा है, जो मजदूरी करने निर्माण स्थल पहुंचा था।
पुलिस मर्ग डायरी के अनुसार हर्ष साहू 23 मई की सुबह निर्माण स्थल पर मजदूरी करने पहुंचा था। काम के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। साथी मजदूर उसे तत्काल उपचार के लिए कुर्रा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोबरा नवापारा रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
श्रम कानूनों का उल्लंघन
घटना के बाद गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि करोड़ों रुपये के सरकारी निर्माण कार्य में नाबालिग मजदूर से काम क्यों कराया जा रहा था। 16 वर्षीय किशोर से मजदूरी कराना सीधे तौर पर श्रम कानूनों का उल्लंघन माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि भीषण गर्मी के बावजूद निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। मजदूरों को हेलमेट, सुरक्षा किट, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जांच, मेडिकल सुविधा और पर्याप्त पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई गई थीं। आरोप है कि ठेकेदार केवल काम जल्द पूरा कराने के दबाव में मजदूरों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में ठेकेदार और संबंधित एजेंसी के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है।
जनपद सदस्य ने दर्ज कराई शिकायत
मामले को लेकर जनपद सदस्य मेनका संजय पटेल ने थाना पहुंचकर ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही और मजदूरों की जान जोखिम में डालने का आरोप लगाया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो ग्राम पारागांव स्थित अटल चौक के पास चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा ब्रेकिंग: तेज रफ्तार कार विद्युत पोल से टकराई, 13 वर्षीय बालक की मौके पर दर्दनाक मौत











