रायपुर में भीषण सड़क हादसा: धान से लदा ट्रक कार पर पलटा, घर लौट रहे दंपती समेत तीन की मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धान से लदा ट्रक चलती कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार सवार पति-पत्नी समेत तीन लोगों मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के डीपीएस स्कूल के पास की है।
सर्जरी के बाद लौट रहे थे घर
मृतकों की पहचान बलौदाबाजार निवासी राजकुमार शर्मा (66) और उनकी पत्नी पद्मा शर्मा के रूप में हुई है, जबकि तीसरा मृतक कैब ड्राइवर प्रवीण बताया गया है। जानकारी के अनुसार राजकुमार शर्मा 10 फरवरी से निजी अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनकी सफल बाइपास सर्जरी हुई थी। रविवार शाम छुट्टी मिलने के बाद वे तिल्दा स्थित अपने घर लौट रहे थे।
ओवरटेक के दौरान टूटा ट्रक का पट्टा
परिजनों के मुताबिक, बड़े बेटे ने ऑनलाइन कैब बुक की थी। जैसे ही कार पुरानी विधानसभा के पास नरदहा क्षेत्र में पहुंची, तभी यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार स्पीड ब्रेकर के कारण धीमी गति से चल रही थी। इसी दौरान बलौदाबाजार की ओर जा रहा धान से लदा ट्रक कार को ओवरटेक कर रहा था। ब्रेकर पर झटका लगने से ट्रक का लॉकिंग हुक (पट्टा) टूट गया और ट्रक अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। ट्रक और उसमें भरी धान की बोरियां एक साथ कार पर गिर पड़ीं, जिससे कार पूरी तरह दब गई।
रेस्क्यू के बाद भी नहीं बच सकी जान
हादसे में कैब ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दंपती कार में गंभीर रूप से फंसे रहे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि ट्रक पलौद के धान केंद्र से दोंदे कुटकी की ओर जा रहा था। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद ब्रेकिंग: एक घंटे में तीन सड़क हादसे, चार युवकों की मौत, दो गंभीर











