अवैध रेत खनन : पुल-पुलियों के बाद अब एनीकेट पर गहराया संकट, सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने में नहीं छोड़ रहे कोई कसर

जल आपूर्ति भी हो सकती है ठप, प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा  महानदी के तटवर्ती क्षेत्र में रेत खनन का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है। ये कारोबारी खुलेआम रेत तो निकाल ही रहे हैं, वहीं सरकारी संपत्ति और जल आपूर्ति को नुकसान पहुंचाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे। ऐसा ही एक मामला नवापारा से सटे ग्राम दुलना का है जहां एनीकेट के ऊपर से रेत से भरी हाइवा फर्राटा मार रही है, जो गोबरा नवापारा तथा अभनपुर नगर की जल आपूर्ति का प्रमुख स्रोत है।

महानदी में दुलना ग्राम के पास एनीकेट का निर्माण करवाया गया है। इस एनिकेट में पानी रोककर इंटकवेल के माध्यम से गोबरा नवापारा तथा अभनपुर नगर में जल की आपूर्ति की जाती है। जो दोनों नगरों में पीने के पानी का मुख्य श्रोत है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार इस एनिकेट क्षेत्र में दिन-रात रेत का अवैध उत्खनन जारी है। वहीं एनीकेट के ऊपर से ओवरलोडेड हाइवा वाहनों की आवाजाही से एनिकेट की संरचना पर दबाव बढ़ रहा है। जानकारों का कहना है कि यदि यह सिलसिला नहीं रुका तो एनीकेट को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे दोनों नगर क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था प्रभावित होगी।

कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि संबंधित विभाग के अधिकारी स्थिति से अवगत होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। पूर्व में भी महानदी क्षेत्र में हाईटेक मशीनों (पनडुब्बी ) से अवैध खनन के मामले सामने आ चुके हैं और ओवरलोड वाहनों की जब्ती की कार्रवाई भी हुई है, लेकिन अवैध गतिविधियों पर पूर्ण विराम नहीं लग सका है।

नागरिकों ने प्रशासन से संयुक्त जांच दल गठित कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि एनीकेट की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो दुलना एनीकेट और क्षेत्र की जल आपूर्ति व्यवस्था गंभीर संकट में पड़ सकती है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu

यह खबर भी जरुर पढ़े

मार्च माह में ही जीवनदायिनी महानदी सूखे की चपेट में, रेत खदान भी पानी के प्रवाह को कर रहे बाधित, लोग गंदे पानी में निस्तारी करने हो रहे मजबूर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button