छुरा में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा :– गरियाबंद जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती मंगलवार की रात छुरा इलाके में एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना छुरा मुख्य मार्ग पर खरखरा स्थित शासकीय उद्यानिकी परिसर और पुल के समीप हुआ है।

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल बन गया।

एक की मौके पर मौत, साथी घायल

जानकारी के अनुसार ग्राम बारुला निवासी शिवकुमार बंजारे और संतराम चक्रधारी बाइक से छुरा की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान खरखरा पुल के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। शिवकुमार बंजारे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि संतराम चक्रधारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिससे वाहन और चालक का पता लगाया जा सके। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने मुख्य मार्ग पर रात्रि गश्त बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

वीडियो

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद में दर्दनाक हादसा: ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की दर्दनाक मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button