खेत में मिला युवक का शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका, संदेहियों से पूछताछ कर रही पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रविवार को एक युवक का शव खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए एफएसएल यूनिट, साइबर थाना स्टाफ एवं डॉग स्क्वाड की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार खरसिया इलाके के ग्राम परसकोल में सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खरसिया प्रभात पटेल, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एफएसएल यूनिट, साइबर थाना स्टाफ एवं डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
दोस्त के साथ घूमने निकला था युवक
मृतक की पहचान अनिल कुमार चौहान (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय प्यारेलाल चौहान निवासी ग्राम परसकोल के रूप में हुई है। मृतक की बहन खुशबू चौहान (23 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम उसका भाई गांव के एक दोस्त के साथ दूसरे गांव गया था, जहां उसने खाना-पीना किया। रात लगभग 9-10 बजे सड़क की ओर से हल्ला-गुल्ला की आवाज सुनाई दी, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। सुबह खेत में शव मिलने की सूचना पर जब वह मौके पर पहुंची तो भाई के शरीर पर पेट, गले और अन्य हिस्सों में धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खरसिया अस्पताल भेज दिया है। वहीं अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू से गहन जांच जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











