धर्म नगरी राजिम में होली का उल्लास : श्री राजीव लोचन मंदिर में सतरंगी गुलाल की बौछार, रंग-गुलाल से सराबोर हुआ मंदिर परिसर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– धर्म नगरी राजिम में स्थित श्री राजीव लोचन मंदिर में होली का पर्व प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। छत्तीसगढ़ के प्रमुख तीर्थ स्थलों में शुमार इस मंदिर में होली महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। 4 मार्च 2026 को मुख्य होली के दिन मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए और उन्होंने श्री राजीव लोचन के साथ होली खेली।

सुबह से ही मंदिर प्रांगण में ढोल-नगाड़ों की थाप, भजन-कीर्तन और रंग-गुलाल की छटा बिखर रही थी। भक्तों ने पारंपरिक रूप से भगवान के साथ होली खेली, जिसे मथुरा की होली की तर्ज पर माना जाता है। सतरंगी गुलाल की बौछारों से पूरा प्रांगण रंग-बिरंगा हो उठा। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी उमंग से झूमते नजर आए।

छत्तीसगढ़ के प्रयाग नाम से प्रसिद्ध धर्म नगरी राजिम में नवापारा-राजिम ही नहीं आसपास के सैकड़ों गांवों से आए श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास के साथ इस संगम में भाग लिया। भगवान श्री राजीव लोचन के साथ होली खेलने राजनेताओं सहित स्थानीय जन प्रतिनिधियों भी पहुंचे थे। विशाल मंदिर परिसर भक्तों, होलियारों और श्रद्धालुओं की भीड़ से भरा पड़ा था। भीड़ में हर किसी का चेहरा गुलाल के विभिन्न रंगों से रंगा हुआ था। परिसर में फाग गीतों और नगाड़े की थाप पर ठुमके लगाने वालों की भारी भीड़ थी। युवा वर्ग ठुमकने में मस्त नजर आ रहे थे। मंदिर में उड़ते रंग-गुलाल का शानदार दृश्य, मौजूद कई हजारों की भीड़ को रोमांचित कर रहा था।

राजिम विधायक ने बजाया नगाड़ा

इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू ने भी नगाड़ा बजाते हुए फाग गीत गाया और होली के रंग में रंग गए l उन्होंने मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ होली भी खेली।

भगवान का आशीर्वाद लेने छत्तीसगढ़ भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चन्दूलाल साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, , पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, राजिम भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, नवापारा भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेन्द्र वर्मा, गरियाबंद जिला साहू समाज अध्यक्ष प्रवीण साहू, लाला साहू, संजीव साहू सहित भाजपा-कांग्रेस के कई नेतागण शामिल हुए। मंदिर में भीड़ की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर राजिम थाना प्रभारी अमृत लाल साहू अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।

भगवान और भक्तों के बीच होली खेलने की है परंपरा

श्री राजीव लोचन मंदिर प्रांगण में शाम को अनोखा दृश्य उस वक्त देखने को मिलता है, जब भगवान गर्भगृह से बाहर श्रद्धालुओं के साथ रंग-गुलाल खेलने के लिए बाहर निकलते है। यह क्षण मंदिर परिसर में मौजूद हजारों लोगों के लिये बड़ा ही सुखद अवसर होता है। लोगों की भीड़ अधिक होने के कारण अधिकांश लोगों को दूर रहकर ही दर्शन करना पड़ता है। भगवान श्री राजीव लोचन जी का होली के दिन विशेष श्रृंगार किया जाता है।

वहीं त्रिवेणी संगम में नदी के मध्य स्थित श्री कुलेश्वर महादेव मंदिर में भी भगवान के साथ होली खेलने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। होली के अवसर पर भगवान श्री कुलेश्वर नाथ का रंगों से विशेष शृंगार किया गया। श्रद्धालु भगवान को रंग चढ़ा कर अपने को धन्य करते है। 

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद पुलिस की ’होली स्पेशल’ मुहिम : शांति भंग करने वालों पर कड़ा प्रहार, आबकारी, जुआ और एम.वी. एक्ट के तहत हुई कार्यवाही

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button