गरियाबंद ब्रेकिंग: नवरात्रि से पहले घटारानी धाम में भीषण आग, 8-9 दुकानें जलकर खाक, 8 से 10 लाख रुपये के नुकसान की आशंका-VIDEO

फैंसी व पूजा सामग्री जलकर राख

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल घटारानी धाम में देर रात भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। मंदिर परिसर से लगे करीब 8 से 9 दुकानें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। बताया जा रहा है कि इस घटना में दुकानदारों को लगभग 8 से 10 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र का है।

जंगल की आग फैलने की आशंका

जानकारी के अनुसार दुकानों में फैंसी सामग्री, प्रसादी, खिलौने और पूजा के बर्तन रखे हुए थे। आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व को देखते हुए दुकानदारों ने हाल ही में नया सामान खरीदा था, जो आग में जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए है। घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों में भारी मायूसी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि आसपास के जंगल में लगी आग धीरे-धीरे फैलते हुए मंदिर परिसर तक पहुंच गई और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

वन विभाग की व्यवस्था पर उठे सवाल

आग लगने की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया। आगजनी की इस घटना के बाद दुकानदारों के सामने आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। इधर स्थानीय लोगों ने वन विभाग की व्यवस्था और फायर वॉचर की कमी पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि जंगल में लगी आग पर समय रहते नियंत्रण किया जाता तो इतनी बड़ी क्षति से बचा जा सकता था।

प्रभावित दुकानदारों ने शासन-प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक अमला भी नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटा हुआ है।

आग लगी दुकानों के सामने वाली दुकानों में भी सामानों का हुआ नुकसान

नवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक पर्व से ठीक पहले हुई इस घटना से दुकानदारों में चिंता पसर गई है, क्योंकि हर वर्ष नवरात्रि पर घटारानी धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और मेले जैसा वातावरण रहता है। ऐसे में दुकानों और नये सामानों में आग लगने से व्यापारियों और श्रद्धालुओं को निराशा का सामना करना पड़ सकता है।

VIDEO

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

सावधान: शराब पीकर पर्यटन स्थलों पर पहुंचे तो पुलिस करेगी सख्त कार्रवाई, घटारानी में बाइक चालकों पर लगा 1 लाख का जुर्माना

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button