दर्दनाक सड़क हादसा: बोलेरो की टक्कर से मां-बेटी की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि परिवार में कुछ ही दिनों बाद शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ छीन लिया। घटना कांकेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बनसागर निवासी विकास शोरी अपनी भाभी शिवकुमारी शोरी और भतीजी प्रीति शोरी के साथ मोटरसाइकिल (सीजी 19 बीसी 2708) से कांकेर स्थित अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे जैसे ही वे चनार मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही बोलेरो (सीजी 19 बीएफ 2816) ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से तत्काल उन्हें कांकेर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवकुमारी शोरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रीति शोरी को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे में विकास शोरी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
बताया जा रहा है कि परिवार में कुछ ही दिनों बाद शादी थी, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ छीन लिया। सबसे मार्मिक दृश्य तब सामने आया जब छोटी बेटी को ही अपनी मां और बहन की चिता को अग्नि देनी पड़ी। इस घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।
पहले से ही दुखों से जूझ रहा था परिवार
स्थानीय लोगों के अनुसार यह परिवार पहले ही कई दुख झेल चुका था। पहले पिता का साया उठ गया था और कुछ वर्ष पूर्व भाई की भी असमय मृत्यु हो चुकी थी। अब इस हादसे ने मां और बेटी को भी छीन लिया, जिससे परिवार पूरी तरह टूट गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी बोलेरो चालक चंद्र कुमार पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर-राजिम रोड पर दिल दहला देने वाला हादसा: अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत











