22 मार्च को निरई माता जातरा पर्व, समिति की तैयारियां पूरी, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को भेजा आमंत्रण

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– चैत्र नवरात्रि की पावन पर्व पर निरई माता जातरा पर्व एवं मेला का भव्य आयोजन किया जाएगा। शुक्ल पक्ष चतुर्दशी 22 मार्च 2026 (रविवार) को प्रातः 9 बजे से माता जी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ जातरा पर्व की शुरुआत होगी। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना जताई जा रही है।
धमतरी जिले के मगरलोड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहरा में स्थित पवित्र देवी तीर्थ स्थल निरई माता मंदिर में प्रतिवर्ष जातरा पर्व का आयोजन किया जाता है। जिसमें गरियाबंद, धमतरी सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और माता रानी के दर्शन कर मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना करते हैं।
इस आयोजन का दायित्व जय निरई माता सेवा समिति एवं ग्रामवासी निरई मोहरा द्वारा निभाया जा रहा है। समिति के सदस्यों ने गरियाबंद एवं धमतरी जिले के जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों से भेंट कर उन्हें औपचारिक आमंत्रण पत्र भी सौंपे हैं। निरई माता सेवा समिति के संरक्षक नेमलाल साहू, अध्यक्ष दिलीप सिंह ध्रुव, पुजारी ओमकार ध्रुव, अश्वनी ध्रुव, नरोत्तम ध्रुव, पुणेश ध्रुव, हेमंत ध्रुव, भोलाराम ध्रुव सहित अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
वहीं ग्राम पंचायत मोहरा की सरपंच फागेश्वरी कश्यप एवं पंचगणों का भी लगातार सहयोग मिल रहा है। समिति द्वारा जातरा पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था, शांति व सुरक्षा तथा साफ-सफाई को लेकर प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है, ताकि मेला और धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











