नहर में नहाने गई तीन बहनें बहीं, दो बहनें सुरक्षित, 13 वर्षीय बच्ची लापता

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नया रायपुर के पलौद क्षेत्र में सुबह नहर में नहाने गई तीन नाबालिग बहनें तेज बहाव की चपेट में आ गईं। स्थानीय महिलाओं की सतर्कता से दो बच्चियों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 13 वर्षीय एक बच्ची लापता हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। मामला आरंग थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, सेजबहार निवासी 13 वर्षीय बच्ची अपनी बुआ के घर पलौद आई हुई थी। गुरुवार सुबह वह अपनी दो बहनों के साथ नहर में नहाने गई थी। इसी दौरान अचानक नहर में पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे तीनों संतुलन खो बैठीं और गहरे पानी की ओर बहने लगीं। मौके पर मौजूद महिलाओं ने तुरंत साहस दिखाते हुए दो बच्चियों को बाहर निकाल लिया, लेकिन तीसरी बच्ची तेज बहाव में बह गई और लापता हो गई। घटना के बाद दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि यह नहर गंगरेल बांध से निकलकर पलौद-अभनपुर होते हुए लवन की ओर बहती है। गंगरेल से दो दिन पहले ही पानी छोड़े जाने के कारण नहर में पानी का बहाव काफी तेज था, जिससे यह हादसा हुआ। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम नहर में लगातार सर्च अभियान चलाया गया। हालांकि, पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण खोजबीन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
परिजन और स्थानीय ग्रामीण भी नहर के दोनों किनारों पर बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं। परिवार के लोग बच्ची के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं प्रशासन की टीमें लगातार खोजबीन में जुटी हुई हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
नहर के पास टब में मिला नवजात शिशु, खेत में काम करने गई महिलाओं ने देखा शिशु, जांच में जुटी पुलिस











