नवापारा ब्रेकिंगः हाइवा-ट्रक की भीषण टक्कर में 3 की दर्दनाक मौत, जेसीबी से निकाला गया शव, 2 किमी दूर तक गूंजा धमाका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम-अभनपुर नेशनल हाईवे 130C पर मंगलवार की आधी रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। जहां ट्रक और रेत से भरी हाईवा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है टक्कर इतनी जोरदार थी कि, आवाज लगभग 2 किलोमीटर दूर तक गाँव में सुनाई दी। घटना रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार नवापारा-अभनपुर मार्ग पर बजरंगपुर स्थित निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास रात लगभग 12.15 बजे रेत से भरे हाइवा चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रहे खाली ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और ट्रक में सवार लोग उसमें बुरी तरह फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, और एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान हाइवा चालक दीपक पटेल और हेल्पर सुमीत यादव दोनों निवासी झुरा नवागांव (कातलबोड़ कुरूद) तथा ट्रक चालक भागवत साहू निवासी पारागांव (गोबरा नवापारा) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रेत भरे हाइवा से बढ़ रहे हादसे, लोगों में आक्रोश

नवापारा क्षेत्र में रेत से भरे हाइवा वाहनों की बेलगाम रफ्तार अब जानलेवा साबित हो रही है। महानदी किनारे विभिन्न घाटों पर अवैध उत्खनन और परिवहन के चलते दिन-रात दौड़ रहे ये भारी वाहन लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। तेज गति और लापरवाही से चल रहे हाइवा के कारण सड़क पर चलना तक जोखिम भरा हो गया है।
कुछ दिनों पहले ही नवापारा के चंपारण चौक के पास एक रेत से भरी हाइवा ने एक ग्रामीण को कुचल दिया था, (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें ) जिसमें शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। इसके बावजूद न तो रफ्तार पर लगाम लग रही है और न ही अवैध परिवहन पर सख्ती दिख रही है। लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की ढिलाई के चलते ये मौत का खेल जारी है और अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे हादसे और बढ़ सकते हैं।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर-रायपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, जांच में जुटी पुलिस











