फिंगेश्वर के ग्राम बलरामपुर में श्री राम-जानकी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव; गांव में उमड़ा आस्था का सैलाब

पंडित प्रमोद शर्मा के सानिध्य में पूरे विधि विधान से हो रहा है राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– फिंगेश्वर क्षेत्र के ग्राम बलरामपुर में इन दिनों धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। यहां भव्य श्री राम-जानकी मंदिर का निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा का कार्य पूर्णता की ओर है। पूरे ग्रामवासी मिलकर राम दरबार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का पावन आयोजन कर रहे हैं। इस धार्मिक अनुष्ठान को आचार्य पंडित प्रमोद शर्मा जी के सान्निध्य में विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराया जा रहा है।

17 अप्रैल से शुरू हुए मंदिर स्थापना के इस महोत्सव के दौरान पूरे गांव में उत्साह का वातावरण बना हुआ है। विशेष रूप से शुक्रवार शाम भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता जानकी एवं हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान की प्रतिमाएं पूरे ग्राम भ्रमण पर निकलीं। इस दौरान हर घर के आंगन में पहुंचकर भगवान ने ग्रामवासियों को आशीर्वाद प्रदान किया।

ग्रामवासियों ने भी पूरे श्रद्धा भाव से भगवान का स्वागत किया। घर-घर के सामने आकर्षक रंगोलियां सजाई गईं और दीप प्रज्वलित कर भगवान की अगवानी की गई। इस शोभायात्रा में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा—सभी वर्ग के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे पूरा गांव भक्ति में सराबोर नजर आया।

मानसगान सम्मेलन का आयोजन

मंदिर स्थापना के साथ ही यहां मानस गान सम्मेलन का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दराज से आई रामायण मंडलियां राम कथा का सुंदर गुणगान कर रही हैं। भक्ति संगीत और कथा के माध्यम से वातावरण पूरी तरह से राममय हो गया है।

कार्यक्रम के अंतिम दिवस मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में दुग्धारी मठ रायपुर के महंत रामसुंदर दास जी महाराज एवं सिरकट्टी आश्रम के संत गोवर्धन शरण व्यास जी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वहीं क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू के पश्चिम बंगाल प्रवास पर होने के कारण उनके प्रतिनिधि के रूप में राजू साहू, जगदीश यादव एवं मनीष हरित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री राम-जानकी मंदिर समिति के सदस्य भुनेश्वर साहू, लेखराम साहू, तुकाराम साहू, देवचरण साहू, दीना राम साहू, पकलु राम साहू, महेंद्र साहू, जागेश्वर साहू सहित ग्रामीण अध्यक्ष धीरज शर्मा, सरपंच प्रतिनिधि मनोज यदु, ग्रामीण सचिव गिरीश साहू, डिप्टी सेक्रेटरी छत्तीसगढ़ मंत्रालय घनश्याम साहू, कमल भारती, डोमन भारती, शत्रुघन साहू और समस्त ग्रामवासी तन-मन-धन से जुटे हुए हैं।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि ग्रामवासियों की एकता, सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1

यह खबर भी जरुर पढ़े

रामलला प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ : ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन ने पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, भंडारे का भी किया आयोजन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button