बेकाबू कार ने स्कूटी और साइकिल को मारी टक्कर, शिक्षक की मौके पर मौत, साइकिल सवार गंभीर, हवा में उछलकर पलटी कार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने स्कूटी और साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। हादसा रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, छाल क्षेत्र के ग्राम कटाईपाली (सी) निवासी हेम सागर कमलवंशी तेंदुमुड़ी स्थित माध्यमिक शाला कन्या आश्रम में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वे जनगणना प्रशिक्षण से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार (क्रमांक सीजी 11 एएक्स 1187) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि स्कूटी को चपेट में लेने के बाद साइकिल को टक्कर मारते हुए वाहन हवा में उछलकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल साइकिल सवार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं शिक्षक की मौत की खबर फैलते ही उनके गृह ग्राम में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1
यह खबर भी जरुर पढ़े
दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से शिक्षक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम











