नवापारा ब्रेकिंग: तेज रफ्तार कार विद्युत पोल से टकराई, 13 वर्षीय बालक की मौके पर दर्दनाक मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तड़के सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल से चिंगारी निकलने लगी और आसपास की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए ठप हो गई। हादसे में कार में सवार 13 वर्षीय नाबालिग युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य किशोर घायल बताए जा रहे हैं। घटना रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार हादसा महावीर (बजरंग) चौक के पास हुआ है। सुबह करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार कार इंदिरा मार्केट से बस स्टैंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान कलकत्ता फोटो स्टूडियो के पास मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से जा टकराई। हादसे के वक्त जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग नींद से जागकर घरों से बाहर निकल आए।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और वाहन के परखच्चे उड़ गए थे। हादसे में कार चला रहे 13 वर्षीय नाबालिग निवासी सतनामी पारा, नवापारा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य नाबालिगों को मामूली चोटें आई हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे के बाद 13 वर्षीय नाबालिग के कार चलाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई करने और अभिभावकों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











