खेत गए ग्रामीण पर तेंदुए का हमला, युवक के साहस और सूझबूझ से बची जान, क्षेत्र में दहशत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– पाण्डुका वन परिक्षेत्र अंतर्गत जंगल में एक बार फिर तेंदुए द्वारा हमले की खबर सामने आई है। जंगल से लगे खेत में सुबह करीब 7 बजे काम करने गए एक ग्रामीण पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, हालांकि उसने साहस और सूझबूझ से अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार तिलईदादर बीट में ग्राम गिधनी निवासी तुलसी राम ठाकुर रोज की तरह सुबह अपने खेत गए हुए थे। खेत के पास ही घना जंगल और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण वहां जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। इसी दौरान अचानक झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में तुलसी राम ठाकुर ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह खुद को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल अपने परिजनों को सूचना दी। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत छुरा उपस्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पिछले कुछ समय से तेंदुए सहित अन्य जंगली जानवरों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे खेतों में काम करना भी जोखिम भरा हो गया है।
प्राकृतिक असंतुलन बड़ी वजह
विशेषज्ञों के अनुसार जंगली जानवरों के आक्रामक होने के पीछे कई कारण हैं। लगातार जंगलों की कटाई, मानव दखल में वृद्धि और प्राकृतिक आवास के खत्म होने से वन्यजीव गांवों की ओर रुख कर रहे हैं। इसके साथ ही जंगलों में शिकार (खाने) की कमी होने से भी तेंदुए जैसे शिकारी जानवर भोजन की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्राकृतिक असंतुलन का खामियाजा अब इंसानों को भुगतना पड़ रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX
यह खबर भी जरुर पढ़े
ब्रेकिंग: घटारानी के जंगल में बाल-बाल बची युवक की जान, मादा तेंदुए ने किया हमला











