रायपुर में 90 लाख की ज्वेलरी चोरी, गरियाबंद में की पार्टी, साथी पकड़ा गया तो डर से मुख्य आरोपी ने लगाई फांसी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर के शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलरी शॉप में 90 लाख रुपए की चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया। इस हाईप्रोफाइल चोरी कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तारी के डर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, जबकि उसके नाबालिग साथी को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात दो नकाबपोश बदमाश बाइक से शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स पहुंचे। बदमाशों ने कटर से दुकान का ताला काटा और शटर उठाकर अंदर घुस गए। करीब आधे घंटे तक दुकान के भीतर आराम से चोरी करते रहे। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने सिर्फ सोने के जेवरों को निशाना बनाया, जबकि चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी को हाथ तक नहीं लगाया।
रविवार को दुकान बंद होने के कारण चोरी की भनक नहीं लगी। सोमवार सुबह दुकान खुलते ही लाखों की चोरी का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची। स्निफर डॉग दुकान से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गांधी नगर-काली नगर इलाके तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने वहां ताबड़तोड़ दबिश शुरू कर दी।
300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले
जांच के दौरान पुलिस ने अभनपुर, चंद्रखुरी और शंकर नगर इलाके के 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद देर रात एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने चोरी की पूरी साजिश उगल दी। पुलिस ने उसके पास से करीब 10 लाख रुपए के जेवर बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि चोरी के बाद दोनों आरोपी गरियाबंद के पांडुका पहुंचे थे, जहां उन्होंने पार्टी की और फिर देर रात रायपुर लौट आए। सोमवार सुबह जैसे ही पुलिस कार्रवाई तेज हुई, दोनों अलग हो गए। मुख्य आरोपी अधिकांश जेवर अपने पास रखकर गायब हो गया।
फंदे से लटका मिला शव
इधर पुलिस जब मुख्य आरोपी की तलाश में उसके घर पहुंची, तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। अंदर जांच करने पर आरोपी फांसी पर लटका मिला। आशंका जताई जा रही है कि साथी के पकड़े जाने की खबर मिलते ही वह डर गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए खुदकुशी कर ली। हालांकि परिजनों ने दावा किया है कि युवक को झूठा फंसाया गया है।
ओडिशा के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी थे और पहले भी कई इलाकों में चोरी की कोशिश कर चुके थे। दोनों मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं और रायपुर में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। पुलिस अब बाकी जेवरों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा ब्रेकिंग: ज्वेलर्स दुकान में लाखों की चोरी











