तेज रफ्तार पिकअप ने पुलिस जवानों को कुचला, प्रधान आरक्षक की मौत, सैनिक घायल; 100 मीटर तक घसीटती रही गाड़ी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार पुलिस कर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में रात्रि गश्त पर निकले प्रधान आरक्षक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर मारने के बाद जवानों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। घटना धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार धमतरी के सिहावा चौक स्थित संजय आर्ट्स के पास बुधवार सुबह करीब 3.30 यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे नियमित रात्रि गश्त कर सिहावा चौकी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 05 एवी 0232 (हिंद ट्रांसपोर्ट) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रधान आरक्षक की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सड़क पर घिसटती चली गई और पिकअप चालक वाहन रोकने के बजाय जवानों को दूर तक घसीटता रहा। हादसे के दौरान सड़क किनारे खड़ा एक ठेला भी पिकअप की चपेट में आ गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में प्रधान आरक्षक विजय बैरागी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। विजय बैरागी बांसपारा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और लंबे समय से पुलिस सेवा में अपनी कर्तव्यनिष्ठा के लिए पहचाने जाते थे।
वहीं गंभीर रूप से घायल नगर सैनिक दिलीप पांडे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











