पति-पत्नी की सिर कुचलकर हत्या, घर पर खून से लथपथ पड़ोसी ने देखी लाश, कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– घर में घुसकर पति-पत्नी की सिर कुचलकर हत्या कर दी। सुबह जब दोनों के शव घर के भीतर खून से लथपथ अवस्था में मिले तो गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंचे। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना सक्ती जिले के मालखरोदा थाना क्षेत्र का है।
पड़ोसी महिला ने देखा शव
जानकारी के अनुसार मालखरोदा क्षेत्र में पुरुषोत्तम खूंटे (70 वर्ष) और उनकी पत्नी गोहारिन बाई (55 वर्ष) घर में अकेले थे। बुधवार सुबह पड़ोस की एक महिला किसी काम से दंपती के घर पहुंची थी। घर के भीतर प्रवेश करते ही उसने दोनों को मृत अवस्था में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। महिला ने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावरों ने दोनों के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या की है। वारदात इतनी क्रूर थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय दंपती घर में अकेले थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर रहते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और हर पहलू की बारीकी से जांच की।
कई एंगल पर जांच
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। लूट, पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी जुटा रही है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश और चिंता देखी जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











