11 केवी लाइन पर करंट की चपेट में आकर झुलसा ठेका कर्मी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मेला परिसर में विद्युत विभाग के ठेका कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 केवी विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य कर रहा एक ठेका कर्मी अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार सिम्स अस्पताल में जारी है। मामला बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार ठेका कंपनी द्वारा विद्युत लाइन से जुड़े कार्य के लिए एक कर्मी को खंभे पर चढ़ाकर मरम्मत कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि जिस 11 केवी लाइन पर काम चल रहा था, उसे पूरी तरह शटडाउन नहीं कराया गया था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित होने से युवक करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया।
सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि कर्मी को बिना पर्याप्त सुरक्षा संसाधनों के ही हाई वोल्टेज लाइन पर काम करने भेज दिया गया था। उसके पास न तो मानक सुरक्षा किट थी और न ही इंसुलेटेड ग्लव्स, सेफ्टी बेल्ट, फेस शील्ड अथवा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे।
बिना शटडाउन मिला काम का आदेश?
विद्युत सुरक्षा जानकारों का कहना है कि किसी भी हाई वोल्टेज लाइन पर कार्य शुरू करने से पहले लाइन का पूर्ण शटडाउन, अर्थिंग और तकनीकी सुरक्षा जांच अनिवार्य होती है। यदि इन सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया होता तो यह गंभीर हादसा टाला जा सकता था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर बिना पूरी सुरक्षा सुनिश्चित किए कर्मी को खंभे पर चढ़ने की अनुमति किसने दी?
जांच और कार्रवाई की मांग तेज
हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों तथा संबंधित ठेका कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











