गोबरा नवापारा में HPV वैक्सीन अभियान जारी, 24 बालिकाओं को लगाया गया टीका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– किशोरियों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से संचालित HPV वैक्सीनेशन अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 24 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत देशभर में किशोरियों को संभावित कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा में शुक्रवार को 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 24 बालिकाओं को HPV वैक्सीन का टीका लगाया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार HPV संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) का प्रमुख कारण माना जाता है। इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है।

टीकाकरण कराने की अपील

ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को HPV वैक्सीन के महत्व की जानकारी दी जा रही है तथा 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराने की अपील की जा रही है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेंद्र साहू ने बताया कि HPV वैक्सीन संभावित कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बालिकाओं को समय पर टीका लगवाकर उन्हें भविष्य में होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से सुरक्षित करें।

दिनांक 5 जून 2026 को आयोजित टीकाकरण कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेंद्र साहू, सेक्टर सुपरवाइजर एल.पी. तारक, टीकाकर्मी, मितानिन प्रशिक्षकों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। स्वास्थ्य विभाग ने आगामी दिनों में भी अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने की बात कही है, ताकि लक्ष्य समूह की सभी बालिकाओं तक इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा का लाभ पहुंचाया जा सके।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु पुष्य नक्षत्र में बच्चों का हुआ स्वर्णप्राशन संस्कार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button