ब्रेकिंग : गरियाबंद के जंगल में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के जंगल में एक अज्ञात युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोड़ोहरदी स्थित ठाकुर देव पड़ाव के पास बरसाती नाले से लगे जंगल क्षेत्र में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने ग्राम सरपंच को इसकी सूचना दी। सरपंच द्वारा तत्काल इसकी जानकारी गरियाबंद पुलिस को दी गई।
मृतक की शिनाख्त के प्रयास
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गरियाबंद भेज दिया। प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए उसके चार से पांच दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना से आसपास के ग्रामीणों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











