गरियाबंद के जंगल में मिली पति-पत्नी की लाश, अलग-अलग पेड़ों पर फंदे से लटके मिले शव, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पति-पत्नी का शव जंगल में अलग-अलग पेड़ों पर फंदे से लटके मिले। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का खुलासा दो दिन बाद हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला पायलीखंड थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार पायलीखंड क्षेत्र के निवासी जयराम नागेश (65 वर्ष) और उनकी पत्नी वेदमती नागेश (45 वर्ष) का शव घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में मिली। परिजनों के अनुसार जयराम नागेश और उनकी पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। रविवार दोपहर भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और झगड़ा हुआ था।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद जयराम नागेश नाराज होकर घर से निकल गए। काफी समय तक जब वे वापस नहीं लौटे तो उनकी पत्नी वेदमती भी उन्हें तलाशते हुए घर से निकल गईं। इसके बाद दोनों का कोई पता नहीं चला। परिजनों ने शुरू में इसे सामान्य घटना समझा, क्योंकि दंपती पहले भी नाराज होकर घर छोड़कर चले जाते थे और कुछ समय बाद वापस लौट आते थे।
दो दिन बाद जंगल में मिली लाश
समय बीतने के बावजूद जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार और ग्रामीणों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों के घरों और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश शुरू की। इस बीच गांव से लगे जंगल में दोनों के शव अलग-अलग पेड़ों से फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की स्थिति को देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि पहले पति ने आत्महत्या की और बाद में पत्नी ने भी अपनी साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
दो बेटों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक दंपती के दो बेटे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। माता-पिता की एक साथ मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं और परिजनों सहित ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
दो अलग-अलग कमरों में लटके मिले पति-पत्नी के शव, गांव में सनसनी, जांच के ये बात आई सामने











