दो अलग-अलग कमरों में लटके मिले पति-पत्नी के शव, गांव में सनसनी, जांच के ये बात आई सामने

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– कुरूद इलाके में घर पर पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव घर पर दो अलग-अलग कमरों में फासी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। घटना धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार कुरूद क्षेत्र के ग्राम बिरेतरा निवासी नंदकुमार साहू (70 वर्ष) और उनकी पत्नी सुशीला बाई साहू (65 वर्ष) के शव उनके ही घर में फांसी के फंदे पर लटके मिले। बताया जा रहा है कि नंदकुमार साहू अपनी पत्नी, बेटे और बहू के साथ गांव में रहते थे। रविवार शाम बेटा और बहू किसी निजी कार्य से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर में केवल दंपती ही मौजूद थे।
सोमवार सुबह गांव की एक महिला किसी काम से उनके घर पहुंची। दरवाजा खुला होने पर जब वह अंदर गई तो उसके होश उड़ गए। घर के दो अलग-अलग कमरों में बुजुर्ग दंपती मृत अवस्था में मिले। महिला ने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कुरूद थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
किडनी और सायटिका की बीमारी से थे परेशान
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि नंदकुमार साहू लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे, जबकि उनकी पत्नी सुशीला बाई सायटिका और कमर-पैर के लगातार दर्द से परेशान थीं। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और मानसिक तनाव को घटना की एक संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था। परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











