छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री, 5 दिन अंधड़-बारिश का अलर्ट जारी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दंतेवाड़ा के रास्ते प्रवेश कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा दंतेवाड़ा तक पहुंच चुकी है और अगले 2 से 3 दिनों में इसके प्रदेश के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मानसून की एंट्री के बाद बस्तर संभाग में तेज बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि आने वाले दिनों में यह मध्य एवं उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों को भी कवर कर लेगा।
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज अंधड़ चलने का अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले 2 दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने की संभावना है।
सोमवार दोपहर राजधानी रायपुर समेत रायगढ़ और कई अन्य जिलों में अचानक मौसम का मिजाज बदला। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा दर्ज की गई। वहीं बिलासपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं के प्रभाव और मानसून की सक्रियता के चलते प्रदेश में आगामी दिनों में वर्षा गतिविधियों में और तेजी आ सकती है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











