शिक्षक ने छात्रा से किया दुष्कर्म: न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतरा जनसैलाब, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– निजी स्कूल में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के मामले को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सर्व सेन समाज छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में हजारों लोगों ने बिलासपुर कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया और मामले में निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम बिलासपुर के प्रभारी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। मामला बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी क्षेत्र का है।

सिरगिट्टी क्षेत्र स्थित सेंट जेवियर स्कूल में शिक्षक ने एक छात्रा से दुष्कर्म किया। जिसके विरोध में मंगलवार को लोगों ने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कराने, गिरफ्तार आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा घटना की जानकारी होने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं करने वाले अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की गई।

कलेक्ट्रेट परिसर में गूंजे न्याय के नारे

कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित छात्रा को न्याय दिलाने और शिक्षा संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। सर्व सेन समाज छत्तीसगढ़ के प्रांत अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि इस घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले से जुड़े कुछ लोगों को जानकारी होने के बावजूद समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, जिसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

स्कूल प्रबंधन पर जांच की मांग

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले में केवल आरोपी शिक्षक ही नहीं, बल्कि यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही तय करने और संस्थान के संचालन की समीक्षा करने की मांग भी उठाई गई।

10 दिन में कार्रवाई नहीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन

सर्व सेन समाज ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई और जांच को तार्किक निष्कर्ष तक नहीं पहुंचाया गया तो विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर पूरे छत्तीसगढ़ में व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश

प्रदर्शन के दौरान प्रभारी कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष और कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप की जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

गुरु-शिष्य का रिश्ता हुआ शर्मसार: छात्रा को होटल ले जाकर दुष्कर्म, शिक्षक पर FIR दर्ज, स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button