तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, सब्जी व्यवसायी की मौके पर मौत; दूसरा रायपुर रेफर; कार छोड़कर फरार हुआ चालक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– थोक सब्जी मंडी के पास भीषण सड़क हादसे में एक सब्जी विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार नेक्सॉन कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र का है
पुलिस के अनुसार, टुरकूमुड़ा टिकरापारा निवासी उमेश ठाकुर और उनके पड़ोसी संदीप शाह रोज की तरह सोमवार तड़के करीब 3 बजे बाइक से पटेलपाली स्थित थोक सब्जी मंडी जा रहे थे। इसी दौरान सारंगढ़ की ओर से तेज गति से आ रही नेक्सॉन कार (सीजी 13 बीजी 4799) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क से नीचे उतर गई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद वह बाइक को काफी दूर तक घसीटते हुए सड़क किनारे नीचे उतर गई। हादसे के तुरंत बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद सब्जी मंडी के व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और पुलिस को सूचना दी।
एक की मौत, साथी घायल
हादसे में बाइक चला रहे उमेश ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संदीप शाह को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
कार चालक की तलाश में पुलिस
घटना की सूचना पर जूटमिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार कोड़ातराई क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस वाहन के पंजीयन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की पहचान करने में जुटी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
धान रोपाई पर जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, दो महिलाओं की मौत, 6 गंभीर घायल; 19 मजदूर थे सवार











