नवापारा में निकली बाबा महाकाल की पालकी: हजारों शिवभक्त हुए शामिल; शिव-पार्वती, भूत-प्रेत और अघोरी की झांकियों ने मोहा मन, नेहरू गार्डन के पास हुई भव्य महाआरती

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सावन के पावन अवसर पर गोबरा नवापारा पूरी तरह शिवमय नजर आया। उज्जैन की प्रसिद्ध महाकाल यात्रा की तर्ज पर नगर में बाबा महाकाल की भव्य पालकी एवं शोभायात्रा निकाली गई। परमेश्वरी मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और शिवभक्त शामिल हुए। जैसे-जैसे पालकी यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़ती गई, श्रद्धालुओं का कारवां भी बढ़ता गया।
पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री महाकाल’ के जयघोष गूंजते रहे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बाबा महाकाल का स्वागत किया। भक्ति, आस्था और उत्साह के इस संगम ने पूरे नगर को शिवमय कर दिया।
परमेश्वरी मंदिर से हुआ भव्य शुभारंभ
बाबा महाकाल की पालकी यात्रा का शुभारंभ परमेश्वरी मंदिर परिसर में विशेष पूजन-अभिषेक के साथ हुआ। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद बाबा महाकाल की भव्य रूप से सजाई गई पालकी मंदिर परिसर से बाहर निकली। पालकी के बाहर आते ही बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान युवाओं और शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा
परमेश्वरी मंदिर से निकली शोभायात्रा बस स्टैंड और सदर रोड होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। यात्रा के स्वागत के लिए कई स्थानों पर श्रद्धालु पहले से मौजूद रहे। कहीं फूलों की बारिश कर बाबा का अभिनंदन किया गया तो कहीं दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की गई। हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के नारों से नगर का माहौल भक्तिमय बना रहा।
अंजोरा के कलाकारों ने बांधा समां

शोभायात्रा में अंजोरा से आए कलाकारों की धार्मिक प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। कलाकारों ने भगवान शिव और बाबा महाकाल से जुड़ी विभिन्न वेशभूषाएं धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने शिव-पार्वती, नंदी, भूत-प्रेत, पिशाच और अघोरी के रूप में नृत्य एवं झांकियां प्रस्तुत कीं। उनकी जीवंत प्रस्तुति देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध नजर आए। जगह-जगह लोग रुककर धार्मिक झांकियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखते रहे।
नेहरू गार्डन के पास हुआ भव्य पूजन और महाआरती
शोभायात्रा जब नेहरू गार्डन के पास पहुंची तो योगीराज आलोक शर्मा एवं पंडित परिषद की ओर से बाबा महाकाल की पालकी के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। इसके बाद पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच बाबा महाकाल का विशेष पूजन एवं अभिषेक किया गया। महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महाआरती के समय पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की।
आयोजक छात्रेश तिवारी एवं उनके युवा साथियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नगर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना और भगवान शिव के प्रति भक्ति भाव को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सावन के पावन महीने में बाबा महाकाल की पालकी यात्रा के आयोजन से नगरवासियों में धार्मिक उत्साह और उमंग का वातावरण बना। शोभायात्रा में शामिल युवाओं एवं सहयोगियों के लिए भोजन भंडारे की भी व्यवस्था की गई।
सावन में शिवमय हुआ नवापारा

बाबा महाकाल की भव्य पालकी, हजारों श्रद्धालुओं की भीड़, धार्मिक झांकियां, कलाकारों की प्रस्तुतियां और गूंजते जयकारों ने सावन के दूसरे सोमवार को गोबरा नवापारा के लिए यादगार बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान ऐसा लगा मानो उज्जैन की महाकाल नगरी की भक्ति और आस्था गोबरा नवापारा की गलियों में उतर आई हो।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षत्रेश तिवारी, बादल देवांगन, शुभम देवांगन, धर्मेंद्र देवांगन, गुंजन साहू, तेजस यादव, प्रीतम देवांगन डोमन देवांगन, पीयूष देवांगन, सागर देवांगन, चंदन देवांगन, चंद्रेश तिवारी, निखिल राव, शिवम देवांगन, मोनू चक्रधारी, बादल यादव, कृष्णा चक्रधारी, हर्षित कंसारी, श्लोक शर्मा, अनिल देवांगन, पुनीत देवांगन, रामेश्वर साहू, रणवीर शर्मा, अपूर्व गुप्ता, सोनू देवांगन, लक्ष्य तिवारी, तोशन साहू, पुन्नी साउंड विक्रम, धूमाल दर्शन का विशेष सहयोग रहा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











