5 हजार के लिए युवक की हत्या, रेलवे ट्रैक पर फेंका शव, 2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :रायपुर में महज 5 हजार के लेनदेन को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने युवक को पैसे लौटाने के बहाने रेलवे पटरी के पास बुलाया और फिर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे ट्रैक पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।

रेलवे ट्रैक पर मिली थी लाश

पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त 2026 की सुबह गोगांव अंडरब्रिज के पास पुरानी रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। सूचना पर गुढ़ियारी मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान प्रीतम साहू (19 वर्ष) निवासी छोटा अशोक नगर गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई। पंचनामा कार्रवाई के दौरान मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान दिखाई दिए। इससे पुलिस को मामला ट्रेन हादसा नहीं बल्कि हत्या का होने का संदेह हुआ।

5 हजार को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मृतक प्रीतम साहू ने आरोपी निखिल ध्रुव को 5 हजार उधार दिए थे। निखिल द्वारा पैसे वापस नहीं करने पर प्रीतम लगातार अपनी रकम मांग रहा था। इसी बात को लेकर 16 अगस्त की रात दोनों के बीच विवाद और झगड़ा हुआ।

आरोप है कि इसके बाद निखिल ने प्रीतम से कहा कि वह रेलवे पटरी के पास स्थित एटीएम से उसके पैसे निकालकर दे देगा। इस बहाने वह प्रीतम को अपने साथ पटरी की ओर ले गया।

पटरी के पास चाकू से हमला

पुलिस के अनुसार, रेलवे पटरी के पास पहुंचने के बाद निखिल ने अपने साथियों दीपक साहू, नितिन प्रधान उर्फ सोमू और दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर प्रीतम पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद हत्या के साक्ष्य छिपाने की नीयत से प्रीतम के शव को रेलवे पटरी पर छोड़ दिया, ताकि घटना ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत जैसी दिखाई दे।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी टिटलागढ़ ओडिशा की ओर भाग गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल की परिस्थितियों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

तीन गिरफ्तार, दो नाबालिग अभिरक्षा में

पुलिस ने निखिल ध्रुव पिता गोपाल ध्रुव (20 वर्ष), दीपक साहू पिता जगदेव साहू (22 वर्ष), नितिन प्रधान उर्फ सोमू पिता चंदू प्रधान (21 वर्ष) और दो नाबालिग आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में बीएनएस की धारा 103(1), 238, 3(5) तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

शराब पार्टी के दौरान विवाद: दोस्त की बेरहमी से हत्या, 12 फीट अंदर छिपाई लाश; 3 आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button