बाबा गरीबनाथ की भव्य पालकी यात्रा, धार्मिक झांकियां और किंग-कांग बने आकर्षण का केंद्र, कई घंटे जाम रहे प्रमुख मार्ग

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– धर्मनगरी राजिम में सावन की शिवभक्ति चरम पर नजर आई। मंगलवार को बाबा गरीबनाथ की भव्य पालकी यात्रा ने पूरे नगर को शिवमय कर दिया। हर-हर महादेव और बाबा महाकाल के गगनभेदी जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालु आस्था के सैलाब में उमड़ पड़े। आकर्षक फूलों से सजी बाबा गरीबनाथ की पालकी, गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़े, डमरू वादकों और भक्तों के उत्साह ने ऐसा अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया कि राजिम की गलियां देर तक शिवभक्ति में डूबी रहीं।
बाबा केदारेश्वर वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में पवित्र सावन मास के दौरान यह भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। नगर के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर से निकली यात्रा में राजिम सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
पालकी को उठाने के लिए उमड़ा उत्साह
बाबा गरीबनाथ की आकर्षक पालकी को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। पालकी के दर्शन और उसे कंधों पर उठाने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह भक्तों की भीड़ बाबा महाकाल के जयकारे लगाती नजर आई। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डमरू वादकों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह शिवमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति संगीत की धुन पर झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। राजिम की धर्मनगरी में हर ओर सिर्फ एक ही स्वर सुनाई दे रहा था “हर-हर महादेव… जय बाबा महाकाल!”
सोमवार को स्थगित हुई थी यात्रा
बाबा गरीबनाथ की भव्य पालकी यात्रा सोमवार को आयोजित की जानी थी, लेकिन मूसलाधार बारिश के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। इसके बाद मंगलवार को श्रद्धा, उत्साह और पूरे विधि-विधान के साथ पालकी यात्रा निकाली गई। दोपहर से ही आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। शाम होते-होते पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में बदल गया। पूजा-अर्चना के बाद बाबा गरीबनाथ की पालकी यात्रा निकाली गई, जो भगवान श्री राजीव लोचन मंदिर की परिक्रमा करते हुए नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई।
झांकियां बने आकर्षण का केंद्र
पालकी यात्रा में अखाड़ा, आकर्षक धार्मिक झांकियां, डीजे, धुमाल, बैंड पार्टी और किंग-कांग सहित विभिन्न प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। यात्रा में शामिल कलाकारों और धार्मिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। पालकी यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ का भव्य स्वागत किया। बस स्टैंड में विशेष स्वागत के साथ बाबा की आरती की गई। जैसे-जैसे शाम बढ़ती गई, श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती चली गई और देखते ही देखते हजारों भक्त यात्रा का हिस्सा बन गए।
कई घंटे जाम रहे प्रमुख मार्ग
हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के कारण नगर के प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ रही। पालकी यात्रा के दौरान राजिम-गरियाबंद, राजिम-महासमुंद समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, श्रद्धालुओं का उत्साह किसी भी परेशानी पर भारी नजर आया। हर उम्र के लोग बाबा के जयकारों के साथ यात्रा में शामिल हुए और भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











