नेपाल में बाढ़ से मचाई तबाही: 100 से अधिक मौत, कई लापता, मुख्यमंत्री ने जताया दुःख, छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सुरक्षित वापसी और आवश्यक सहायता के लिए सरकार तत्पर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नेपाल में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। बाढ़ और मलबे की चपेट में आने से अब तक 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग लापता हैं। नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, 403 पर्यटक लापता हैं, जिनमें 133 भारतीय नागरिक शामिल हैं। इनमें कई लोग कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे थे।

बाढ़ की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क संपर्क कई जगह टूट गया। पुल, पुलिस चौकियां, वाहन और नदी किनारे की संरचनाएं सैलाब में बह गईं या मलबे में दब गईं। कई जलविद्युत परियोजनाओं को भी भारी नुकसान की खबर है, जिससे राहत और बचाव कार्य और मुश्किल हो गया है।

सुरक्षाबलों के 85 जवान भी लापता, हेलीकॉप्टर और ड्रोन से तलाश

जानकारी के मुताबिक बाढ़ में सुरक्षाबलों के 85 जवानों से संपर्क टूट गया है। इनमें नेपाली सेना के 44, नेपाल पुलिस के 28 और आर्म्ड पुलिस फोर्स के 13 जवान शामिल बताए गए हैं। नेपाली सेना, पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान चला रहे हैं।

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के मुताबिक अलग-अलग इलाकों में 80 सुरक्षा कर्मियों के भी लापता होने की सूचना है, जिनमें 44 नेपाल आर्मी के जवान शामिल हैं। रसुवा, धादिंग, नुवाकोट, चितवन, गोरखा, तनहूं और नवलपरासी ईस्ट समेत कई जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। तेज बहाव के साथ आए पानी और मलबे ने घरों, वाहनों, सड़कों और सरकारी ढांचों को भारी नुकसान पहुंचाया है।

Catastrophe in Nepalदुर्गम पहाड़ी इलाकों और टूटी सड़कों के कारण बचाव दलों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लापता लोगों की तलाश में हवाई और तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। नेपाल ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग की अपील भी की है।

कई हेलिकॉप्टरों को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है। दुर्गम पहाड़ी इलाके, टूटे पुल और बह चुकी सड़कें राहत दलों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। 

बैंक शाखाएं बहीं, कर्मचारी भी लापता

बाढ़ का असर नेपाल के बैंकिंग नेटवर्क पर भी पड़ा है। रसुवा क्षेत्र में कई वाणिज्यिक बैंक शाखाओं के प्रभावित होने की खबर है। नेपाल बैंकर्स एसोसिएशन के अनुसार, नौ बैंक शाखाएं बाढ़ की चपेट में आई हैं और करीब 26 बैंक कर्मचारियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। संचार लाइन और बिजली आपूर्ति बाधित होने से प्रभावित क्षेत्रों से सही जानकारी जुटाना भी मुश्किल हो रहा है।

भारत भी अलर्ट

नेपाल में आई इस तबाही का असर भारत में भी दिखाई देने लगा है। भारत के उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमावर्ती इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। बिहार सरकार ने गंडक नदी में जलप्रवाह बढ़ने की आशंका के बीच पूरे तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा है और वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बैराज के सभी 36 फाटक खोल दिए गए हैं। वहीं भारत ने नेपाल को हरसंभव मानवीय सहायता देने का भरोसा दिलाया है।

भारत ने भेजी 10 टन मानवीय सहायता

भारत ने नेपाल की मदद के लिए राहत अभियान शुरू कर दिया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर के अनुसार, भारत ने नेपाल के लिए 10 टन मानवीय सहायता, आपदा राहत सामग्री और जरूरी दवाइयां भेजी हैं। भारतीय वायुसेना के मालवाहक विमानों को भी राहत सामग्री पहुंचाने के लिए तैयार किया गया है। 

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने जताया दुःख

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नेपाल में भीषण बाढ़ एवं भूस्खलन से हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में पूरा भारत एकजुटता के साथ नेपाल के पीड़ितों के साथ खड़ा है।

हेल्पलाइन नंबर जारी

मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान पशुपतिनाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकसंतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने तथा लापता लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की है। नेपाल में बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

प्रदेश के नागरिक अथवा उनके परिजन सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 तथा दूरभाष +91-771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार अपने प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ी है। फंसे नागरिकों की सुरक्षित वापसी एवं आवश्यक सहायता के लिए सरकार पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।

VIDEO

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

बाढ़ का कहर: नदी में बह गए हजारों LPG सिलेंडर, वीडियो हुआ वायरल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button