उफनते नाले में बह गई स्कॉर्पियो, तीन युवक वाहन की छत पर बैठे रहे, वीडियो वायरल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। तेज बारिश ने शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि नाली और नालों का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया। इसी बीच उफान पर आए नाले को पार करते समय तीन युवकों की स्कॉर्पियो तेज बहाव में बह गई। करीब आधे घंटे तक वाहन पानी में तैरता रहा, बाद में युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया। मामला कोरबा जिले के दादर नाले का है।
बताया जा रहा है कि दादर नाला तेज बारिश के बाद पूरी तरह उफान पर था और पानी का बहाव बेहद खतरनाक था। स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो सवार तीनों युवकों को नाला पार नहीं करने की चेतावनी भी दी। लोगों ने उन्हें तेज बहाव को देखते हुए वापस लौटने की सलाह दी, लेकिन युवकों ने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए वाहन नाले में उतार दिया।
देखते ही देखते बह गई स्कॉर्पियो
जैसे ही स्कॉर्पियो तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंची, पानी के दबाव ने वाहन का संतुलन बिगाड़ दिया। देखते ही देखते स्कॉर्पियो भी तेज धार के सामने बेबस हो गई और पानी के साथ बहने लगी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्कॉर्पियो के बहते ही तीनों युवक किसी तरह वाहन के ऊपर चढ़ गए। नाले के दोनों किनारों पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और सांसें थामकर युवकों को बचाने की कोशिश देखने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो करीब आधे घंटे तक पानी के तेज बहाव में तैरती और बहती रही।
लोगों की तत्परता से बची तीन जान
स्थिति गंभीर होती देख मौके पर मौजूद लोगों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया। आखिरकार तीनों युवकों को सुरक्षित नाले से बाहर निकाल लिया गया। युवकों के सुरक्षित बाहर आने के बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज बहाव के बीच स्कॉर्पियो पानी में बहती दिखाई दे रही है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
उफनते नाले में बही कार, पति-पत्नी लापता, गोताखोरों की मदद से तलाश जारी, VIDEO











