लिफ्ट मांगने पर विवाद, चाकू मारकर युवक की हत्या, आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में हत्या की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लिफ्ट मांगने को लेकर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। स्कूटी सवार बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामला भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कैंप-1 निवासी 26 वर्षीय शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिव कुमार अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। शिव कुमार को चिचोला जाना था, जहां वह दुकान संचालित करता था।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11.30 बजे शिव कुमार चिचोला जाने के लिए सड़क पर गुजर रहे एक ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने की कोशिश कर रहा था। ट्रक नहीं रुका तो उसने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार लोगों को रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
जांघ पर चाकू से हमला, सड़क पर गिरा युवक
कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने चाकू निकालकर शिव कुमार के बाएं पैर की जांघ के ऊपरी हिस्से में वार कर दिया। चाकू लगते ही शिव कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिव कुमार को तत्काल इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी दो स्कूटी में सवार होकर आए थे। इनमें कई युवक और एक युवती के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। वारदात के समय शिव कुमार के साथ मौजूद उसका दोस्त शिशांत भी घटनास्थल पर था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने का दावा कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
लिफ्ट देना पड़ा महंगा… सुनसान जगह में लूट के बाद युवक की हत्या, दो नाबालिग गिरफ्तार











