अभनपुर ब्रेकिंग: चाकू दिखाकर मोबाइल और पैसे लूटे, पुलिस ने पीछाकर तीन नाबालिक आरोपियों को दबोचा
लूटा गया मोबाइल और पैसे बरामद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में शराब दुकान के पास चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। आरोपियों ने एक व्यक्ति से मारपीट कर उसका मोबाइल फोन और 500 रुपए नकद लूट लिए थे। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर ग्रामीणों की मदद से तीनों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार बड़े उरला शराब दुकान के पास प्रार्थी गेंदलाल ध्रुव से तीन अज्ञात व्यक्तियों ने चाकू दिखाकर मारपीट की और उसका मोबाइल फोन तथा 500 रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस ने तत्काल आसपास पेट्रोलिंग कर रही टीम को मौके के लिए रवाना किया।
पेट्रोलिंग टीम ने घटनास्थल के आसपास आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीनों को ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। जिसके बाद उन्हें थाना लाकर पूछताछ की गई। प्रार्थी की शिकायत पर तीनों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध धारा 309(4), 126(2), 3(5) BNS तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर तीनों को संरक्षण में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
लूटा गया मोबाइल और पैसे बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 500 रुपए नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू बरामद कर जब्त किया है। तीनों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से वारदात के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे तीनों आरोपियों को जल्द पकड़ने में सफलता मिली।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर में झाड़-फूंक के बहाने दुष्कर्म, CMO पद में नौकरी लगवाने 44.42 लाख की ठगी











