नवापारा में फिर चाकूबाजी और लूटपाट, चार बदमाशों ने युवक को घेरा, मोबाइल-नकदी लूटकर फरार
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद रास्ता रोककर मारपीट, चाकूबाजी और लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कुर्रा गोदाम के पास का है, जहां रात के अंधेरे में चार अज्ञात युवकों ने एक बाइक सवार को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। विरोध करने पर एक आरोपी द्वारा चाकू से हमला करने और मोबाइल व नकदी लूटकर फरार होने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार ग्राम टीला निवासी खिलावन निषाद 1 सितंबर की रात नवापारा से घरेलू काम निपटाकर अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 एके 5637 से घर लौट रहा था। रात करीब 10 बजे पटेवा की ओर से जाते समय ग्राम कुर्रा गोदाम के पास चार व्यक्ति मिले। आरोप है कि चारों ने उसका रास्ता रोक दिया। बाइक रोकते ही आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
विरोध किया तो चाकू से हमला
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब युवक ने इसका विरोध किया तो चारों ने मिलकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान उनमें से एक ने चाकू निकाल लिया और बांयी जांघ, बांये कंधे के नीचे तथा कमर के नीचे चाकू से वार कर दिया। हमले में घायल युवक से मोबाइल और एक हजार रुपये नकद छीनकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
FIR दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद डायल-112 की मदद से घायल को उपचार के लिए सीएचसी गोबरा नवापारा ले जाया गया। हालत को देखते हुए परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी बताया गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 126(2), 296, 3(5), 309(4) और 351(2) BNS के तहत FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो दिन पहले भी सामने आई थी ऐसी ही वारदात
सबसे चिंताजनक बात यह है कि दो दिनों पहले ही 29 अगस्त को भी इसी क्षेत्र में रास्ता रोककर मारपीट, चाकू-डंडे से हमला, वाहन में तोड़फोड़ और मोबाइल लूट की वारदात सामने आई थी। उस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि 4 अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। एक घटना पर पुलिस की कार्रवाई के महज दो दिन बाद फिर इसी तरह की वारदात सामने आने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











