आकाशीय बिजली का कहर: झोपड़ी में बैठे 3 लोगों की मौत; 3 घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और आकाशीय बिजली ने छह ग्रामीणों को अपनी चपेट में ले लिया। बाड़ी में काम कर रहे ग्रामीण बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी में चले गए थे। इसी दौरान झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में तीन ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। घटना जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम महुदा गांव में कुछ ग्रामीण बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए ग्रामीण पास स्थित एक झोपड़ी में जाकर बैठ गए। इसी बीच तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली झोपड़ी पर जा गिरी। बिजली की चपेट में आने से वहां मौजूद छह ग्रामीण झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान नरेश खैरवार (24), रामभरोश पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) के रूप में हुई है।
वहीं, अंजू पटेल (26), दुलारा बाई पटेल (46) और बैशाखू (32) हादसे में घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। उनकी स्थिति को लेकर चिकित्सकों द्वारा निगरानी की जा रही है।
बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम खराब होने और आकाशीय बिजली चमकने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर खड़े होने से बचना चाहिए। बिजली चमकने के समय पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों के आसपास तथा कमजोर या खुले ढांचे में शरण लेने से भी बचने की सलाह दी जाती है। संभव हो तो पक्की इमारत के अंदर रहना सुरक्षित माना जाता है।
महुदा गांव में हुए इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
महिला पर गिरी आकाशीय बिजली, लाइव वीडियो आया सामने; चंद सेकेंड में मौत, VIDEO











