ट्रिपल मर्डर से सनसनी: पति ने पत्नी और दो बच्चों को चाकू से मारा, फिर खुद को किया घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक पति ने अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की धारदार चाकू से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया है। मामला माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई का है।
जानकारी के अनुसार, भुनेश्वर साहू 34 वर्ष मूल रूप से बालोद जिले का रहने वाला है और डूमरतराई के साहू पारा में किराए के मकान में रहता था। शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि देर रात विवाद के दौरान भुनेश्वर साहू ने सबसे पहले अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू पर धारदार चाकू से हमला किया। इसके बाद उसने अपने दो बच्चों आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) पर भी चाकू से वार कर दिया। हमले में पत्नी और दोनों बच्चों की मौत हो गई।
खुद पर भी किया हमला

तीनों की हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया। वह घायल अवस्था में घर में पड़ा मिला। सुबह पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को घायल हालत में हिरासत में लिया और उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
तीनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है। वहीं घटनास्थल को सील कर दिया गया है। पुलिस टीम मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही वारदात की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या की वजह, विवाद की पूरी स्थिति और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद घटना को लेकर और तथ्य सामने आने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











