प्रेमी को मिलने बुलाकर कुल्हाड़ी से काट दिया गला, पहचान छिपाने सिर-धड़ अलग-अलग जगह फेंका, पति-पत्नी गिरफ्तार
प्रेमी को मिलने बुलाकर हत्या; सिर-धड़ अलग-अलग ठिकाने लगाए, पति-पत्नी गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शादीशुदा प्रेमिका ने अपने पति के साथ मिलकर प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। महिला ने युवक को मिलने के बहाने बुलाया था। इसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान और सबूत मिटाने शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला बलरामपुर जिले के पस्ता थाना क्षेत्र का है।
दो दिन से लापता था वसीम
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोदौरा निवासी वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे एक्टिवा स्कूटी से गांव की ओर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे उसकी एक्टिवा स्कूटी क्रमांक सीजी 15 सीक्यू 3388 बाड़ी के पास मिली। इसके बाद भी वसीम का पता नहीं चलने पर उसके भाई अमीम अंसारी ने 3 अक्टूबर को डौरा चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
जंगल में मिला कटा हुआ सिर
गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस को ग्रामीणों से सूचना मिली कि ग्राम भीतर चिल्मा उबका के जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में किसी व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सिर को बरामद किया। पुलिस ने वसीम के भाई से उसकी पहचान कराई, जिस पर उसने सिर की पहचान अपने भाई वसीम अंसारी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या की दिशा में लेते हुए संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।
प्रेम संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच होता था विवाद
पुलिस जांच में ग्राम कोटडीह निवासी सोनू खैरवार और उसकी पत्नी मनबासो खैरवार की भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक, मनबासो का शादी से पहले वसीम अंसारी के साथ प्रेम संबंध था। इस संबंध की जानकारी उसके पति सोनू को थी, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मनबासो वसीम से संबंध खत्म करना चाहती थी, जबकि वसीम संबंध बनाए रखना चाहता था। इसी विवाद के चलते पति-पत्नी ने वसीम की हत्या की साजिश रची।
मिलने के बहाने बुलाया, कुल्हाड़ी से किया हमला
पूछताछ में पता चला कि 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने मोबाइल फोन से वसीम को मिलने के लिए बुलाया। वसीम के वहां पहुंचने के बाद मनबासो और सोनू ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिया। पुलिस जांच में सिर जंगल में गड्ढे में मिला, जबकि धड़ भी अलग स्थान से बरामद की गई।
पति-पत्नी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों सोनू खैरवार (30) और मनबासो खैरवार (25) को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











