ओवरटेक के दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर मौत; हेलमेट चकनाचूर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर का पहिया बाइक सवार के हेलमेट के ऊपर से निकल गया। हेलमेट चकनाचूर हो गया और सिर में गंभीर चोट लगने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार कसनिया-जटगा मोड़ पर ओवरटेक करने के दौरान ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचल दिया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार ने हेलमेट पहन रखा था। इसके बावजूद हादसा इतना गंभीर था कि उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल-112 और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
बांकीमोंगरा में भी हुआ था बड़ा हादसा
इस घटना से कुछ घंटे पहले सोमवार रात बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में भी तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों को चपेट में ले लिया था। हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया था। देर रात पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और ओवरलोड भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर ब्रेकिंग: हाइवा ने एक्टिवा सवार को रौंदा, एक नाबालिग की मौत, दो घायल









